गाय को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकराई यात्री बस, हेल्पर की दर्दनाक मौत

28 sehore photo 06

सीहोर। भोपाल-इंदौर हाईवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सडक़ हादसा हो गया। आष्टा के पास पार्वती थाना क्षेत्र में अहमदाबाद से भोपाल जा रही एक निजी ट्रेवल्स की बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराई। इस टक्कर में बस के हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार सभी 30 यात्री बाल-बाल बच गए।
पार्वती थाना पुलिस के अनुसार हादसा सुबह लगभग 8 बजे कचनारिया जोड़ के पास हुआ। वर्मा ट्रेवल्स की बस (अहमदाबाद से भोपाल मार्ग) जब आष्टा से करीब 10 किलोमीटर दूर थी, तभी अचानक सडक़ पर एक गाय सामने आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, जिससे बस का टायर फट गया और वाहन बेकाबू होकर सीधे पेड़ से जा भिड़ा।
केबिन काटकर निकाला गया शव
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस के हेल्पर सुनील मुकाती निवासी पोलाई कला शाजापुर की केबिन में फंसने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पार्वती थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को कटर की मदद से केबिन काटकर बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए आष्टा सिविल अस्पताल भेजा गया।
सामने मौत दिख रही थी
बस चालक रामचंद्र पटेल ने बताया कि गाय के अचानक सामने आने से कुछ पल के लिए कुछ समझ नहीं आया। ब्रेक मारते ही टायर फट गया और बस पेड़ में जा घुसी। चालक ने भावुक होते हुए कहा उस वक्त सामने साक्षात मौत दिखाई दे रही थी। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।