Sehore: भाई ही निकला भाई का कातिल, ट्रैक्टर में लादकर फेंकी लाश

27 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। एक दिन पहले इछावर थाना क्षेत्र में एक लाश मिली थी, जिसकी पहचान सतपिपलिया गांव निवासी अंकुश परमार के रूप में हुई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस पड़ताल में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल, बड़े भाई ने ही अपने छोटे भाई की हत्या कर ट्रेक्टर ट्राली से लाश खेत पर फेंक दी थी। इस मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे में ही खुलासा कर दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सतपिपलिया निवासी अंकुश परमार का शव गांव के ही एक खेत की मेड़ पर लहूलुहान हालत में पड़ा है। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस का शक मृतक के सगे बड़े भाई देवेंद्र परमार पर गहराया।
शराब के नशे में हुआ विवाद
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी देवेंद्र टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि 25 अप्रैल की रात करीब 10.30 बजे उसका छोटा भाई अंकुश शराब के नशे में घर आया था। वह माता-पिता और देवेंद्र को गंदी-गंदी गालियां देने लगा। बात इतनी बड़ी कि गुस्से में आकर देवेंद्र ने घर में रखी लंबी दरांती उठाई और छोटे भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
साक्ष्य मिटाने की रची साजिश
हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की भी पूरी कोशिश की। उसने छोटे भाई के शव को अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादा और गांव के बाहर एक कच्चे रास्ते पर ले जाकर फेंक दिया। अपराध को छिपाने के लिए उसने अपने खून से सने कपड़े जला दिए और हत्या में इस्तेमाल हथियार को खेत में दबा दिया।
पुलिस की मुस्तैदी से सुलझी गुत्थी
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दरांती और शव ढोने में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। एसडीओपी भेरूंदा रोशन कुमार जैन और उनकी टीम ने महज एक दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया। इस खुलासे में थाना प्रभारी घनश्याम दांगी, एफएसएल अधिकारी डॉ. कुलदीप मालवीय और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।