Sehore: बुधनी में शादी के बाद घर लौट रहे 5 लोगों की सडक़ हादसे में दर्दनाक मौत

27 sehore photo 05

Sehore News सीहोर। कहते हैं कि मौत कब और कहां झपट्टा मार दे, कोई नहीं जानता। रविवार को बुधनी में राघवेंद्र मोरप्पा की शादी का जश्न मनाया जा रहा था, किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि वहां से विदा होने के कुछ ही घंटों बाद खुशियां मातम में बदल जाएंगी। नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा के पास हुआ एक भीषण हादसा 5 हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां लील गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम महेंद्रवाड़ी से लोग राघवेंद्र की बारात में शामिल होने बुधनी आए थे। दिन भर हंसी-मजाक हुआ, नाच-गाना हुआ। रात करीब 1 बजे जब शादी की रस्में पूरी कर रिश्तेदार और दोस्त टवेरा गाड़ी में सवार होकर वापस घर के लिए निकले तो उनकी आंखों में नई बहू के स्वागत के सपने थे, लेकिन आंचलखेड़ा के पास सामने से काल बनकर आ रही अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सब कुछ तबाह कर दिया।
भतीजे की डोली की जगह उठी अर्थी
इस हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि मृतकों में दूल्हे राघवेंद्र का सगा भतीजा 18 वर्षीय शुभम मोरप्पा भी शामिल है। चाचा की शादी में सबसे ज्यादा उत्साहित शुभम को क्या पता था कि वह अपनी जिंदगी का आखिरी जश्न मना रहा है। वहीं अपने उज्जवल भविष्य के सपने देख रहे बीटेक के छात्र साहिल यादव और उनके बड़े पापा हरि सिंह यादव की मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।
बुधनी से नर्मदापुरम तक पसरा सन्नाटा
टक्कर इतनी भयानक थी कि टवेरा गाड़ी किसी लोहे के डिब्बे की तरह पिचक गई। रात के सन्नाटे में चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे, तब तक 5 लोग दम तोड़ चुके थे। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी लोग अपनों की सलामती की दुआ मांगते रहे।
हादसे में जान गंवाने वाले
शुभम मोरप्पा (18) निवासी महेंद्रवाड़ी
विनीत यादव (22) निवासी महेंद्रवाड़ी
साहिल यादव (19) निवासी महेंद्रवाड़ी
हरि सिंह यादव (57) निवासी महेंद्रवाड़ी
संतोष प्रजापति निवासी माखननगर
7 घायल अब भी जिंदगी की जंग लड़ रहे
हादसे में घायल हुए अमन, विनोद, भारत, आकाश, देवांश, सुमित और राजेश का इलाज अस्पताल में जारी है। अमन यादव की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है।