Sehore: पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, खेत पर गए युवक को पीटा, बचाने आए परिवार पर भी हमला

27 sehore photo 06

Sehore News: सीहोर। इछावर थाना अंतर्गत ग्राम कालापीपल जागीर में बीती शाम पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने एक ही परिवार के कई सदस्यों पर चाकू और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीडि़त पक्ष द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार घटना 26 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे की है। अनूप वर्मा नामक युवक अपने खेत पर मोटर चालू करने गया था, तभी गांव के ही मनोज और अनार सिंह ने उसे घेर लिया और पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने अनूप के साथ बेरहमी से मारपीट की।
बीच-बचाव करने आए परिजनों पर भी हमला
अनूप किसी तरह जान बचाकर बदहवास हालत में घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती सुनाई। जब नेपाल, कैलाश और चंदर सहित परिवार के अन्य सदस्य बीचञबचाव और बात करने बाहर आए तो आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से उन पर धावा बोल दिया। आरोपी मनोज, दुर्गाप्रसाद, अनार सिंह और सीता बाई ने लाठियों से परिवार पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं घर के बाहर खड़ी बाइक में भी लाठियां मारकर तोडफ़ोड़ की। हमले में घायल हुए लोगों के शरीर पर चाकू और लाठियों के गंभीर निशान आए हैं।
डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल, आरोपी फरार
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुँचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की मदद से सभी घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सीहोर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इधर इछावर थाना पुलिस ने पीडि़त नेपाल की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।