Sehore News: सीहोर। कला और संस्कृति के क्षेत्र में सीहोर का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर चमका है। शहर की सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना और सरस्वती कथक डांस कला केंद्र की डायरेक्टर डॉ. रूपाली सोनी को हैदराबाद में आयोजित एक भव्य समारोह इनसाइड मीडिया सक्सेस में सम्मानित किया गया। उन्हें प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री और दिग्गज नृत्यांगना जयाप्रदा के हाथों ‘कथक नृत्य गुरु रत्न अवार्ड’ से विभूषित किया गया।
बता दें डॉ. रूपाली सोनी के लिए यह क्षण भावुक करने वाला था, क्योंकि वे लंबे समय से मशहूर अभिनेत्री जयाप्रदा की प्रशंसक रही हैं। उन्होंने बताया कि जयाप्रदा जी खुद नृत्य की एक बड़ी साधिका हैं और उनके हाथों क्लासिकल डांस श्रेणी में यह सम्मान पाना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। कार्यक्रम के दौरान जयाप्रदा ने डॉ. रूपाली की कला साधना की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतिभा का लोहा मान चुकी हैं कई बड़ी हस्तियां
यह पहला मौका नहीं है जब डॉ. रूपाली ने सीहोर का मान बढ़ाया हो। इससे पहले 2023 में उन्हें मशहूर अभिनेत्री सुधा चंद्रन द्वारा इंटरनेशनल अचीवर अवार्ड प्रदान किया जा चुका है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा नगर गौरव सम्मान से भी वे पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं। डॉ. रूपाली अब तक 150 से अधिक राष्ट्रीय और प्रादेशिक मंचों पर अपनी प्रस्तुति और निर्णायक की भूमिका के लिए सम्मानित हो चुकी हैं।
कैरियर संवार रही है रूपाली की संस्था
डॉ. रूपाली सोनी की संस्था सरस्वती कथक कला केंद्र सीहोर में प्रतिभाओं को तराशने का काम कर रही है। उनके मार्गदर्शन में प्रशिक्षित बच्चे आज न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि प्रदेश और देश के बड़े मंचों पर अपनी पहचान बना रहे हैं। शास्त्रीय नृत्य के साथ-साथ लोक नृत्य और नृत्य नाटिका में भी उन्होंने अपनी विशेष पहचान बनाई है।
सफलता का श्रेय अपनों को
डॉ. रूपाली ने अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय अपनी माता कान्ता भट्टर स्वर्गवासी पिता देवकीनंदन भट्टर, गुरु स्वर्गीय पंडित वासुदेव मिश्रा, प्रफुल्ल गेहलोत सर और अपने पति नवीन सोनी के निरंतर सहयोग को दिया है।
नगर में हर्ष की लहर
डॉ. रूपाली सोनी को मिले इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मान पर सीहोर के सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों ने खुशी जाहिर की है। मित्रजनों और परिवार के सदस्यों सहित पूरे नगर ने उन्हें इस गौरवशाली उपलब्धि पर बधाइयां देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


