Sehore: रामनगर रोड पर मिला युवक का लहूलुहान शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका

26 sehore photo 06

Sehore News: सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोलगा-रामनगर मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब राहगीरों ने सडक़ किनारे एक युवक का खून से सना हुआ शव देखा। युवक के शरीर पर धारदार हथियार के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे क्षेत्र में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुबह जब स्थानीय ग्रामीण और राहगीर रामनगर रोड से गुजर रहे थे, तब उनकी नजर सडक़ किनारे पड़े शव पर पड़ी। तुरंत इसकी सूचना इछावर पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी।
अंकुश के रूप में मृतक की पहचान
पुलिस की प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों की मदद से मृतक की शिनाख्त ग्राम सतपीपलीया निवासी अंकुश परमार के रूप में हुई है। जैसे ही यह खबर मृतक के गांव और परिजनों तक पहुंची, वहां मातम छा गया। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बेरहमी से किए गए वार
बताया जा रहा है कि अंकुश के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म मिले हैं। चोटों के निशान देखकर यह साफ जाहिर हो रहा है कि हमलावरों ने किसी धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ वार किए हैं। पुलिस का मानना है कि हत्या बड़ी बेरहमी से की गई है और हमलावरों ने मृतक को बचने का कोई मौका नहीं दिया।
जांच के घेरे में ‘कॉल डिटेल’
इछावर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अब दो मुख्य बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिसमें पुलिस गांव और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है कि क्या अंकुश का हाल ही में किसी से कोई विवाद हुआ था। पुलिस ने अंकुश का मोबाइल फोन और उसकी कॉल डिटेल खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि यह पता चल सके कि घटना से पहले वह किसके संपर्क में था और उसे वहां किसने बुलाया था।
गांव में दहशत का माहौल
मुख्य मार्ग पर इस तरह शव मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश के साथ-साथ डर का माहौल भी है। लोग क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक समय और कारणों का और अधिक स्पष्ट खुलासा हो सके।