Sehore: सीएम यादव के फैसले का सीहोर में अनोखे अंदाज में स्वागत…

25 sehore photo 02

Sehore News: सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसानों के हित में की गई ऐतिहासिक घोषणाओं के बाद सीहोर जिले के अन्नदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सरकार के इन फैसलों का स्वागत करने के लिए ग्राम चंदेरी, रामखेड़ी, डाबला और बिलकिसगंज सहित कई गांवों के किसान एकजुट हुए। किसान नेता व समाजसेवी एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में किसानों ने पारंपरिक डांडिया नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया।
बता दें किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को स्वीकार करते हुए सरकार ने बड़े निर्णय लिए हैं…
खरीदी की समय-सीमा बड़ी: समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की अंतिम तिथि अब 30 अप्रैल के स्थान पर 9 मई तक कर दी गई है।
100 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य: गेहूं खरीदी का कुल आवंटन बढ़ाकर अब 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है।
सप्ताह में 6 दिन होगी खरीदी: किसानों की सुविधा के लिए खरीदी केंद्र अब सप्ताह में 6 दिन खुले रहेंगे।
सभी किसानों को लाभ: छोटे और बड़े दोनों श्रेणी के सभी किसानों से गेहूं की खरीदी सुनिश्चित की जाएगी।
मुआवजे में भारी बढ़ोतरी: अब किसी भी प्रोजेक्ट के लिए भूमि अधिग्रहण होने पर किसानों को जमीन की कीमत का 4 गुना मुआवजा दिया जाएगा।
लंबे समय से की जा रही थी मांग
समाजसेवी एमएस मेवाड़ा ने बताया कि हाल ही में किसानों ने महापंचायत कर सरकार से खरीदी का कोटा और दिन बढ़ाने की मांग की थी। विशेषकर भूमि अधिग्रहण के बदले चार गुना मुआवजे की मांग कई वर्षों से लंबित थी, जिसे मुख्यमंत्री ने अब पूरा कर दिया है।
अनोखे अंदाज में जताया आभार
किसानों ने अपनी संस्कृति और परंपरा को निभाते हुए ढोल-नगाड़ों और डांडिया के साथ जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर एमएस मेवाड़ा ने मीडिया का भी विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मीडिया ने किसानों की आवाज को प्रमुखता से शासन तक पहुंचाया, जिसके परिणामस्वरूप आज प्रदेश सरकार ने ये जनहितैषी निर्णय लिए हैं।