Sehore: कायस्थ समाज ने श्रद्धा से मनाया भगवान चित्रगुप्त प्रकटोत्सव

23 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वाधान में गुरुवार को भगवान चित्रगुप्त का प्रकटोत्सव पूरे उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के शुगर फैक्ट्री स्थित चित्रगुप्त मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग सम्मिलित हुए।
महोत्सव की शुरुआत गुरुवार सुबह भगवान चित्रगुप्त के विशेष अभिषेक और पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। शाम को मंदिर परिसर में भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात भगवान को छप्पन भोग लगाया गया और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।
महासभा के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार सक्सेना ने बताया कि वैशाख शुक्ल पक्ष की सप्तमी (गंगा सप्तमी) के दिन चित्रगुप्त प्रकटोत्सव मनाया जाता है। चित्रगुप्त जी कायस्थ समाज के इष्ट देव हैं, जिनके हाथों में कर्म की किताबए कलम और दवात है। वे जीवों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले और न्याय के प्रतीक माने जाते हैं।
ब्रह्मा जी की काया से हुआ प्राकट्य
भगवान चित्रगुप्त के जन्म की रोचक कथा का वर्णन करते हुए बताया गया कि जब यमराज ने अपने कार्यों में सहयोग के लिए एक साथी की मांग की, तब ब्रह्मा जी ने एक हजार वर्षों तक कठिन तपस्या की। इसके बाद उनकी काया (शरीर) से एक पुरुष उत्पन्न हुआ, जो कायस्थ कहलाया और जिनका नाम चित्रगुप्त पड़ा।
समाज के वरिष्ठजन रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से समिति के संरक्षक रमेश सक्सेना, शैलेंद्र श्रीवास्तव, महेश श्रीवास्तव, अविनिश श्रीवास्तव, सौरभ खरे, एसडी सक्सेना, संजय श्रीवास्तव, शक्ति श्रीवास्तव, अजय सक्सेना, मनोज सक्सेना, विवेक सक्सेना सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और परिवार उपस्थित रहे।