Sehore: बीमारी के खौफ में वीआईटी, प्रथम वर्ष की परीक्षाएं स्थगित

28 sehore photo 01

Sehore News: सीहोर। कोठरी स्थित वीआईटी यूनिवर्सिटी में टाइफाइड और तेज बुखार के फैलते संक्रमण ने हडक़ंप मचा दिया है। छात्रों के बिगड़ते स्वास्थ्य और लगातार सामने आ रहे पॉजिटिव केस के कारण यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने भारी दबाव के बीच प्रथम वर्ष की परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित करने का आदेश जारी किया है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि भीषण गर्मी और टाइफाइड के प्रकोप को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। परीक्षाएं टालने का मुख्य उद्देश्य बीमार छात्रों को मानसिक तनाव से बचाना और उन्हें पूरी तरह स्वस्थ होने का समय देना है। प्रबंधन के अनुसार वर्तमान परिस्थितियों में छात्रों के स्वास्थ्य से समझौता नहीं किया जा सकता, इसलिए परीक्षा की नई तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी।
बुधवार को 5 और छात्र पॉजिटिव
बीमारी की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बुधवार को 5 और छात्रों की टाइफाइड रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 28 पहुंच गई है। वहीं अकेले बुधवार को ही 20 छात्र बुखार की शिकायत लेकर चिरायु अस्पताल पहुंचे। पिछले 11 दिनों में करीब 270 छात्र अस्पताल की ओपीडी में अपना इलाज करा चुके हैं। चिरायु अस्पताल के डायरेक्टर डॉण्. अजय गोयनका के अनुसार संक्रमित छात्रों का इलाज विशेष टाइफाइड प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है।
सफाई पर जोर, पर छात्रों में डर
यूनिवर्सिटी प्रबंधन इस पूरी स्थिति को मौसमी बीमारी करार दे रहा है। प्रबंधन का दावा है कि पिछले 10 दिनों में भर्ती किए गए 8 छात्र पूरी तरह ठीक होकर लौट चुके हैं। कैंपस में खाने-पीने की शुद्धता और साफ सफाई की निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि जिस रफ्तार से छात्र बीमार पड़ रहे हैं, उससे हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और उनके परिजनों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।