Sehore News: सीहोर। भोपाल संसदीय क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा ने सीहोर वासियों को रेल सुविधाओं की एक बड़ी सौगात दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया है। सांसद शर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 22191/22192 के सीहोर रेलवे स्टेशन पर ठहराव की महत्वपूर्ण मांग रखी है।
धार्मिक महत्व का दिया हवाला
जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सांसद आलोक शर्मा ने रेल मंत्री को सौंपे गए पत्र में सीहोर के बढ़ते धार्मिक महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम अब एक राष्ट्रीय केंद्र बन चुका है, जहां साल भर देशभर से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। वर्तमान में ट्रेनों का सीमित ठहराव होने के कारण बाहर से आने वाले यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यावसायिक और शैक्षणिक गतिविधियों में विस्तार
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि सीहोर केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक, व्यावसायिक और प्रशासनिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। यहां के छात्र-छात्राओं, व्यापारियों और सरकारी कर्मचारियों को जबलपुर और इंदौर जैसे बड़े शहरों तक आने-जाने के लिए एक बेहतर रेल कनेक्टिविटी की सख्त जरूरत है। ऐसी स्थिति में ओवरनाइट एक्सप्रेस का स्टॉपेज यहां के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
रेल मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
सांसद शर्मा द्वारा जनहित से जुड़ी मांग को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्होंने सांसद को आश्वस्त किया है कि सीहोर वासियों की इस बहुप्रतीक्षित मांग को जल्द ही पूरा किया जाएगा और स्टॉपेज सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक तकनीकी कार्रवाई शुरू की जाएगी।


