Sehore News: सीहोर। जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई अब केवल कागजी प्रक्रिया नहीं, बल्कि आम जनता के लिए भरोसे का केंद्र बनती जा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार शुक्ला ने जनसुनवाई को लेकर एक शानदार मिसाल पेश की है। पिछले पांच हफ्तों से एसपी खुद जनसुनवाई में मौजूद रहकर न केवल लोगों की शिकायतें सुन रहे हैं, बल्कि दूर-दराज से आए फरियादियों को ससम्मान कुर्सियों पर बिठाकर उनसे सीधा संवाद कर रहे हैं।
मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एसपी डॉ. शुक्ला का मानवीय दृष्टिकोण चर्चा का विषय बना रहा। आमतौर पर पुलिस दफ्तरों में फरियादी झिझक महसूस करते हैं, लेकिन यहां नजारा बदला हुआ था। एसपी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता को अपने पास बिठाया और उनकी बात पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनी। यह लगातार पांचवां मंगलवार था जब एसपी स्वयं जनसुनवाई के शुरू से अंत तक उपस्थित रहे और पीडि़तों को ढांढस बंधाया।
14 शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश
इस मंगलवार को जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 14 शिकायतकर्ता अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को फोन पर निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होए बल्कि पीडि़तों को जमीनी स्तर पर न्याय मिलना चाहिए।
अधिकारियों को दी प्राथमिकता की नसीहत
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने मातहत अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और असहाय लोगों की शिकायतों पर त्वरित एक्शन लेने की बात कही।


