Sehore News: सीहोर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 15 अप्रैल को घोषित 12वीं बोर्ड के परीक्षा परिणामों ने जिले में खुशियों की लहर दौड़ा दी है। जहां एक ओर सोशल मीडिया पर जनप्रतिनिधियों और आमजन द्वारा मेधावियों को बधाइयां दी जा रही हैं, वहीं जमीनी रूप से छात्रों का उत्साह बढ़ाने के मामले में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय ने बाजी मार ली है।
प्रदेश की प्रावीण्य सूची में विज्ञान (गणित) संकाय में पहला स्थान पाकर जिले का नाम रोशन करने वाले श्लोक प्रजापति के घर पूर्व नपाध्यक्ष राकेश राय स्वयं पहुंचे। उन्होंने श्लोक को मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान श्री राय ने श्लोक के पिता जो कि एक मजदूर हैं, उनके संघर्षों की भी सराहना की। राकेश राय ने कहा कि संसाधनों की कमी के बावजूद श्लोक ने जो मुकाम हासिल किया है, वह जिले के हर छात्र के लिए प्रेरणा है। उन्होंने श्लोक के उज्ज्वल भविष्य और उसके आईएएस बनने के सपने को पूरा करने के लिए अपनी ओर से शुभकामनाएं दीं।
सीहोर का रहा शानदार प्रदर्शन
बता दें कि नूतन स्कूल के छात्र श्लोक ने 500 में से 493 अंक 98.60 प्रतिशत प्राप्त कर पूरे मध्य प्रदेश में टॉप किया है। श्लोक के साथ.साथ जिले के अन्य रत्नों ने भी मेरिट लिस्ट में अपनी जगह बनाई है…
जीव विज्ञान: प्रिंसी कुशवाहा आष्टा 97.40 प्रतिशत 5वां स्थान
वाणिज्य: श्रुति मेवाड़ा बिलकिसगंज 96.40 प्रतिशत 9वां स्थान
कला संकाय: हर्षित जैन सिद्धिकगंज 96.20 प्रतिशत 9वां स्थान
10वीं बोर्ड: भव्य कुशवाहा ने 98 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया।
शिक्षा के ग्राफ में सुधार
बता दें इस वर्ष सीहोर जिले का परीक्षा परिणाम उत्साहजनक रहा है। हाई स्कूल 10वीं का रिजल्ट 84.90 प्रतिशत रहा, जिससे जिले ने प्रदेश में 8वां स्थान पाया। वहीं हायर सेकेंडरी 12वीं में 86.47 प्रतिशत परिणाम के साथ जिला 11वें स्थान पर रहा। पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों पर गौर करें तो जिले के शिक्षा स्तर और अंकों के प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।


