Sehore News: सीहोर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित वर्ष बोर्ड परीक्षा परिणामों में सीहोर जिले ने सफलता का परचम लहराया है। इस बार राज्य की प्रावीण्य सूची में जिले के कुल 5 छात्र-छात्राओं ने अपनी जगह बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है। हाईस्कूल 10वीं से एक छात्र और हायर सेकेंडरी 12वीं से चार विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तर पर टॉप किया है।
प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान पाने वाले होनहारों में श्लोक प्रजापति ने 12वीं गणित संकाय में 98.60 प्रतिशत अंक पाकर पूरे मध्य प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं जीव विज्ञान समूह में प्रिंसी विश्वकर्मा 97.40 प्रतिशत के साथ पांचवें, वाणिज्य संकाय में श्रुति मेवाड़ा 96.40 प्रतिशत के साथ नवें और कला संकाय में हर्षिता जैन 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में नवें स्थान पर रहीं। हाईस्कूल 10वीं में भव्य कुशवाह ने 98 प्रतिशत (490 अंक) हासिल कर प्रदेश की टॉप-10 सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया है।
प्रदेश में मिली टॉप रैंकिंग
जिले में कुल 103 केंद्रों पर आयोजित हुई इन परीक्षाओं के परिणामों में इस वर्ष बड़ा सुधार देखने को मिला है। 10वीं बोर्ड परीक्षा में जिले का कुल परिणाम 84.90 प्रतिशत रहा, जिससे सीहोर को प्रदेश में 8वां स्थान मिला। जबकि 12वीं बोर्ड परीक्षा में जिला 86.47 प्रतिशत रिजल्ट के साथ प्रदेश में 11वें पायदान पर रहा।
कलेक्टर ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कलेक्टर बालागुरु केण् और जिला शिक्षा अधिकारी संजय तोमर ने सभी सफल छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी है। कलेक्टर ने कहा कि यह सफलता शिक्षकों की मेहनत और बच्चों के कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।


