Sehore News: सीहोर। रबी सीजन की फसलों की सरकारी खरीदी का दौर शुरू होते ही विधायक सुदेश राय एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। सोमवार को विधायक सुदेश राय ने दोराहा स्थित उपार्जन केंद्र (खरीदी केंद्र) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर मौजूद किसानों से संवाद किया और अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भीषण गर्मी के मौसम में अन्नदाता को केंद्र पर किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक सुदेश राय ने खरीदी केंद्र पर बारदाने की उपलब्धता, अनाज की तुलाई और नमी मापक यंत्रों की कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से पूछा कि उन्हें केंद्र पर फसल लाने या एंट्री कराने में कोई समस्या तो नहीं आ रही है। विधायक ने केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया कि जैसे ही किसान की फसल की तुलाई पूरी हो, उसके पोर्टल अपडेट और भुगतान की प्रक्रिया में देरी नहीं होनी चाहिए।
गर्मी को देखते हुए विशेष इंतजाम के निर्देश
बढ़ते तापमान और चिलचिलाती धूप को देखते हुए विधायक ने मानवीय संवेदनाओं पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केंद्र पर आने वाले किसानों के लिए पर्याप्त ठंडे और साफ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आने वाले किसानों और उनके साथ आने वाले मजदूरों के बैठने के लिए टेंट या शेड की उचित व्यवस्था हो, ताकि उन्हें धूप में न खड़ा होना पड़े। केंद्र पर आकस्मिक चिकित्सा किट की उपलब्धता भी सुनिश्चित रखने को कहा।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
विधायक सुदेश राय ने चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार किसानों के हित के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि यदि खरीदी, तुलाई या किसानों के साथ व्यवहार में किसी भी प्रकार की लापरवाही की शिकायत मिली, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


