Sehore: सीएम की सुरक्षा में सेंध…!

cm mohan yadav 02

Sehore News: सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आष्टा प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी के दावे उस समय हवा-हवाई साबित हुए, जब जेबकतरों और बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। 12 अप्रैल को आयोजित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना कार्यक्रम और भव्य रोड शो के दौरान शातिर बदमाशों ने न केवल दर्जनों लोगों की जेबें साफ कीं, बल्कि नजदीकी कस्बे कोठरी में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की वारदात को भी अंजाम दिया।
बता दें मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान भारी भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने जमकर हाथ साफ किया। आलम यह था कि वीआईपी सुरक्षा के बीच अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते रहे। पुलिस के पास अब तक आधा दर्जन से अधिक लोग जेब कटने की शिकायत लेकर पहुंच चुके हैं।
इन लोगों ने दर्ज कराई शिकायत
जिन लोगों की जेब कटी हैं, उनमें डॉ. अतुल उपाध्याय, कृष्णकांत शर्मा, उत्तम नारायण तिवारी, चांदमल जैन शामिल हैं, जिन्होंने पुलिस से शिकायत की है। इनके अलावा भी कई ऐसे लोग हैं जिनके पर्स चोरी हुए हैं, लेकिन वे पुलिस तक नहीं पहुंचे।
कोठरी में चेन स्नेचरों का आतंक
मुख्यमंत्री के दौरे के बीच ही नजदीकी कस्बे कोठरी में भी बड़ी वारदात हुई। इन दिनों कोठरी में जैन मुनि संस्कार सागर महाराज ससंघ विराजमान हैं। रविवार को जब महिलाएं मुनि श्री के आहार के लिए निकली थीं, तभी बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने हमला बोल दिया। संकरी गली में कैलाश जैन (चित्रलोक) की पत्नी के गले से दो तोले की सोने की चेन झपटकर लुटेरा फरार हो गया। पीडि़त महिलाओं ने हिम्मत दिखाकर लुटेरे का पीछा भी किया, लेकिन मुंह पर कपड़ा बांधे बदमाश तेजी से रफूचक्कर हो गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
एक तरफ प्रशासन मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बीते दिनों से तैयारी कर रहा था, भारी पुलिस बल तैनात था, लेकिन इसके बावजूद अपराधी इतने सक्रिय रहे कि उन्होंने आम जनता और प्रतिष्ठित नागरिकों को निशाना बना लिया।