Sehore: सीहोर मंडी में आज टूटेंगे आवक के सारे रिकॉर्ड

07 sehore photo 06

Sehore News: सीहोर। सोमवार को अवकाश के बाद जैसे ही कृषि उपज मंडी के गेट खुले, किसानों का सैलाब उमड़ पड़ा। आलम यह था कि मंडी परिसर का कोना-कोना ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से खचाखच भर गया। हालात को देखते हुए मंडी प्रबंधन का अनुमान है कि आज यानी मंगलवार को आवक 30 हजार क्विंटल के पार जा सकती है, जो इस सीजन का एक नया रिकॉर्ड होगा।
सोमवार को मंडी में गेहूं, चना, लहसुन और प्याज की कुल 24858 क्विंटल की बंपर आवक दर्ज की गई। दिनभर चली नीलामी के बावजूद भारी भीड़ के कारण करीब 300 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की उपज नीलाम नहीं हो सकी। इन किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए आज यानी मंगलवार का इंतजार करना पड़ रहा है।
किसानों को पैसों की जरूरत
मंडी में अचानक बढ़ी इस भीड़ के पीछे अप्रैल महीने में होने वाली शादियां और खेती-किसानी के लेनदेन को मुख्य कारण माना जा रहा है। किसानों को अपनी घरेलू जरूरतों और आगामी कामों के लिए नकदी की सख्त जरूरत है, जिसके चलते वे बड़ी संख्या में अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं।
लहसुन के भाव में उछाल, गेहूं भी तेज
मंडी में उपज के दामों में भी सुधार देखने को मिला है। सोमवार को लहसुन के भाव 11501 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए, जिसने किसानों के चेहरे पर चमक ला दी है। वहीं अच्छी क्वालिटी का शरबती गेहूं 5401 रुपये के अधिकतम भाव पर बिका। सफेद चना भी 7401 रुपये प्रति क्विंटल की ऊंचाई को छू रहा है। अवकाश के बाद मंडी खुलते ही आवक में भारी तेजी आई है। सोमवार को करीब 25 हजार क्विंटल उपज आई और आने वाले दिनों में यह आंकड़ा 30 हजार क्विंटल के पार जाने की संभावना है।