सीहोर। जिला मुख्यालय सहित आसपास के इलाकों में गुरुवार रात कुदरत ने जबरदस्त कहर बरपाया। करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज आंधी और गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। इस प्राकृतिक आपदा का सबसे बड़ा असर वेब सीरीज ‘पंचायत’ के सेट पर पड़ा, जहां तेज हवाओं ने भारी तबाही मचाई है।
बता दें गुरुवार रात करीब 11 बजे तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक मौसम ने करवट ली। देखते ही देखते करीब 40 मिनट तक धूल भरी तेज आंधी चली, जिसके कारण सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर की बिजली काट दी गई। पूरा सीहोर करीब डेढ़ घंटे तक अंधेरे की आगोश में रहा। आंधी थमने के बाद भी रिमझिम बारिश हुई और रात करीब 12.30 बजे के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
‘पंचायत’ के सेट पर मचा हडक़ंप
नजदीकी महोडिय़ा गांव में इन दिनों बहुचर्चित वेब सीरीज पंचायत के सीजन-5 की शूटिंग चल रही है। रात को आई आंधी ने यहां जमकर नुकसान पहुंचाया। यूनिट के लाइन प्रोड्यूसर जीशान जाफरी ने बताया कि हवा इतनी तेज थी कि शूटिंग के लिए लगाए गए टेंट और अन्य साजो-सामान हवा में उड़ गए। क्रू मेंबर्स के लिए बना खाना भी धूल और बारिश की भेंट चढ़ गया।
राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआए लेकिन व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा जाने के कारण फिलहाल शूटिंग रोकनी पड़ी है। गौरतलब है कि महोडिय़ा में 16 मार्च से 9 अप्रैल तक का शेड्यूल तय है, जिसमें 200 से अधिक लोग काम कर रहे हैं।
धूप के बाद अचानक बदला मिजाज
बता दें मौसम का मिजाज बदला-बदला सा रहा। दिन भर तेज धूप खिली थी और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन रात होते-होते पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम पलट गया। मौसम विभाग ने जिलेवासियों के लिए चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में एक मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय है। 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। 10 अप्रैल तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी।


