Sehore News : सीहोर। जिले के भेरूंदा क्षेत्र में सूदखोरी का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने सूदखोरों की प्रताडऩा और धमकियों से तंग आकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। कदम उठाने से पहले युवक ने एक भावुक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी आपबीती सुनाते हुए तीन लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
वायरल वीडियो में युवक की पहचान अशोक राठौर के रूप में हुई है। युवक ने आरोप लगाया कि उसने अपनी जरूरतों के लिए 40 हजार रुपये 20 प्रतिशत के भारी ब्याज पर उधार लिए थे। युवक का कहना है कि वह लगातार कर्ज चुकाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सूदखोर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त कर रहे थे।
हाथ-पैर तोडऩे की धमकी
अशोक ने वीडियो में अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि आरोपियों ने उसे सरेआम अपमानित किया। उसका दावा है कि दो बार एक ढाबे पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और सरेराह गालियां दी गईं। आरोपी उसे लगातार फोन पर और मिलकर हाथ-पैर तोडऩे की धमकी दे रहे थे, जिससे वह बुरी तरह डर गया था।
वीडियो में पी जहर, अस्पताल में हालत गंभीर
सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो के अंत में युवक एक शीशी से कोई जहरीला पदार्थ पीते हुए दिखाई दे रहा है। जहर खाने के बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो उसे आनन फानन में भेरूंदा अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए शाम 7 बजे उसे सीहोर रेफर कर दिया। रात लगभग 9 बजे उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गयाए जहां उसका उपचार जारी है।
इधर इस सनसनीखेज मामले में पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। भेरूंदा एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है, लेकिन फिलहाल इसकी आधिकारिक सत्यता की पुष्टि की जा रही है।


