सीहोर भाजपा को भी मिलेगा अपना घर…

bjp

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी अपने 46वें स्थापना दिवस 6 अप्रैल के अवसर पर प्रदेश के 18 जिलों के साथ सीहोर में भी नए जिला कार्यालय का भूमिपूजन करने जा रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने बताया कि मुख्यालय के इछावर रोड स्थित भूमि पर यह भव्य समारोह आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वर्चुअली शामिल होकर भूमिपूजन करेंगे।
बता दें सीहोर में भाजपा कार्यालय का निर्माण लंबे समय से चर्चा और प्रतीक्षा का विषय रहा है। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले भी 2 से 3 बार भाजपा कार्यालय के लिए भूमिपूजन के कार्यक्रम हो चुके हैं, लेकिन निर्माण कार्य अब तक नहीं हो सका है।
पहली बार 2016 में हुआ था भूमिपूजन
पार्टी सूत्रों के अनुसार पूर्व जिलाध्यक्ष रघुनाथ सिंह भाटी के कार्यकाल के दौरान इंदौर-भोपाल हाईवे के पास 10 हजार स्क्वायर फीट जमीन 48 लाख रुपये में खरीदी गई थी, जिसका साल 2016 में भूमिपूजन हुआ था। पूर्व में पार्टी के पास 40 लाख रुपये की राशि उपलब्ध होने की बात भी सामने आई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से भव्य भवन का सपना अधूरा ही रहा। अब नए सिरे से इछावर रोड पर कार्यालय की नींव रखी जा रही है।
कैसा होगा नया हाईटेक कार्यालय
लागत: अनुमानित 1.5 से 2.5 करोड़ रुपये।
सुविधाएं: जिलाध्यक्ष और सभी मोर्चा अध्यक्षों के लिए अलग चेंबर, मीटिंग हॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम और कंप्यूटर रूम।
गेस्टहाउस: पदाधिकारियों के लिए दो कमरों का गेस्टहाउस भी बनाया जाएगा।
इलेक्शन वार रूम: आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों के प्रबंधन के लिए इसे पूरी तरह हाईटेक बनाया जाएगा।
अगले साल इसी दिन होगा लोकार्पण
प्रदेश भाजपा की योजना के अनुसार निर्माण कार्य एक साल के भीतर पूरा किया जाएगा। भूमिपूजन के साथ ही लोकार्पण की तारीख भी तय कर दी गई है। 6 अप्रैल 2027 को इन सभी कार्यालयों का एक साथ लोकार्पण किया जाएगा। तैयारियों को लेकर बुधवार को ही प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वर्चुअल बैठक कर सीहोर जिला प्रभारी और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। अब देखना यह है कि इछावर रोड पर होने वाला यह भूमिपूजन कार्यकर्ताओं के अपने स्थाई कार्यालय के इंतजार को कितनी जल्दी खत्म करता है।
फिलहाल किराए के भवन का सहारा
भाजपा के पास निजी भवन नहीं होने की वजह से किराए के भवन में कार्यालय संचालित हो रहा है, हालांकि जिलाध्यक्ष बदलने के साथ ही भाजपा कार्यालय का ठिकाना भी बदल जाता है। पूर्व जिलाध्यक्ष रवि मालवीय के कार्यकाल में यह कार्यालय क्रिसेंंट चौराहा के पास था, जबकि अब वर्तमान जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा के कार्यकाल में यह कार्यालय बस स्टैंड के समीप है। एक खास बात यह है कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के पास स्वयं का कार्यालय बस स्टैंड पर मौजूद हैं।