Sehore: हरियाली का दुश्मन घोड़ा जब्त…

31 sehore photo 04

Sehore News: सीहोर। शहर की सुंदरता और सार्वजनिक उद्यानों की हरियाली को नुकसान पहुंचाने वाले पशु पालकों को नगर पालिका ने सबक सिखाने का मन बना लिया है। मंगलवार को नगर पालिका के अमले ने कार्रवाई करते हुए जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के पास टाउनहॉल के सामने बने सुंदर उपवन से एक घोड़े को जब्त किया है। यह घोड़ा पिछले कई दिनों से उद्यान की घास और पौधों को चट कर हरियाली को बर्बाद कर रहा था।
गौरतलब है कि नगर पालिका ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए बस स्टैंड क्षेत्र में लाखों की लागत से एक विशेष उपवन विकसित किया है। यहां हरी-भरी घास, रंग-बिरंगे फूल और छायादार वृक्ष लगाए गए हैं जो सुंदरता में चार चांद लगाते हैं। लेकिन कुछ समय से एक अज्ञात व्यक्ति अपने निजी स्वार्थ के लिए प्रतिदिन अपने घोड़े को इस उपवन में चरने के लिए खुला छोड़ देता था। इससे न केवल हरियाली नष्ट हो रही थी, बल्कि घोड़े द्वारा फैलाई जा रही गंदगी से राहगीर भी खासे परेशान थे।
राहगीरों की शिकायत पर कार्रवाई
सार्वजनिक संपत्ति को हो रहे इस नुकसान की शिकायत जागरूक नागरिकों और राहगीरों ने नगर पालिका से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नपा की टीम ने मंगलवार को घेराबंदी की और मौके पर चर रहे घोड़े को पकड़ लिया। नपा कर्मी घोड़े को रस्सी से बांधकर अपने साथ ले गए और उसे सुरक्षित स्थान पर निरुद्ध किया गया है।
जुर्माने से सिखाया जाएगा सबक
नगर पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घोड़े के मालिक की पहचान की जा रही है। संबंधित पशु मालिक पर मोटा जुर्माना लगाया जाएगा ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति अपने मवेशियों को इस तरह सार्वजनिक उद्यानों या पार्कों में छोडऩे की हिम्मत न करे।
प्रशासन की कड़ी चेतावनी
नगर पालिका प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे शहर को सुंदर और हरा-भरा बनाए रखने में सहयोग करें। यदि कोई भी पालतू पशु सार्वजनिक पार्कों, बगीचों या सडक़ के डिवाइडर पर लगी हरियाली को नुकसान पहुंचाता पाया गया तो पशु को जब्त करने के साथ-साथ मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।