Sehore: किसान बोला, देर रात फोन आते ही उड़ गए होश….

20 sehore photo 04

Sehore News : सीहोर। जिले के थाना बिलकिसगंज अंतर्गत आने वाले ग्राम बारवाखेड़ी में एक किसान की साल भर की मेहनत चंद मिनटों में जलकर खाक हो गई। देर रात खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे करीब 2.5 एकड़ में फैली फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। पीडि़त किसान ने थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने आगजनी का प्रकरण कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुलास कला निवासी बुजुर्ग किसान प्रेम नारायण शर्मा ने बताया कि उनकी ग्राम बारवाखेड़ी में करीब 4 एकड़ कृषि भूमि है। इस भूमि पर उन्होंने और उनके परिवार ने मेहनत कर गेहूं की फसल उगाई थी। बीती 18 मार्च की तडक़े करीब 3 से 4 बजे के बीच गांव के ही एक व्यक्ति ने उनके बेटे अरुण शर्मा को फोन कर सूचना दी कि उनके खेत में भीषण आग लगी है।
ट्रैक्टर की मदद से बुझाई आग
सूचना मिलते ही प्रेम नारायण अपने बेटों अरुण और जगदीश के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि गेहूं की खड़ी फसल आग की लपटों से घिरी हुई है और ग्रामीण उसे बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। अंतत: ट्रैक्टर की मदद से फसल के बीच में मिट्टी की मेढ़ बनाई गई ताकि आग आगे न फैले। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सवा लाख का आर्थिक नुकसान
पीडि़त किसान के मुताबिक इस आगजनी में उनकी लगभग 2.5 एकड़ जमीन पर खड़ी फसल पूरी तरह जल गई है। अनुमान के तौर पर करीब 50 क्विंटल गेहूं का नुकसान हुआ है, जिसकी बाजार कीमत लगभग सवा लाख रुपये आंकी गई है। अचानक हुए इस नुकसान से किसान परिवार सदमे में है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पीडि़त ने थाने पहुंचकर जुबानी रिपोर्ट दर्ज कराई। बिलकिसगंज पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आगजनी का प्रकरण कायम कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।