परीक्षाओं के बीच डीजे बजाना पड़ा महंगा, हुए जब्त

14 sehore photo 04

सीहोर। परीक्षाओं के मद्देनजर विद्यार्थियों की पढ़ाई और आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों द्वारा ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले डीजे संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई है।
नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली रविंद्र यादव की टीम ने पुराने बस स्टैंड पर कार्रवाई की। अभिषेक डीजे बिना अनुमति के तेज आवाज में बज रहा था। डीजे संचालक ने वाहन को मॉडिफाई कर उसका आकार बदल दिया था और अस्पताल व स्कूल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के पास शोर मचा रहा था। सूचना मिलते ही सउनि नवतेश राजपूत ने जब संचालक से अनुमति पत्र मांगा तो वह पेश नहीं कर सका। पुलिस ने वाहन जप्त कर आरोपी अभिषेक राठौर निवासी गंज के विरुद्ध कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
इसी तरह आष्टा में एसडीओपी दामोदर गुप्ता एवं थाना प्रभारी गिरीश दुबे के नेतृत्व में पुलिस ने बाहरी जिलों से आकर नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई की। बीती रात करीब 8 बजे कन्नौद रोड पर भोपाल का आराध्या डीजे आयशर लोडिंग वाहन पर तेज आवाज में बज रहा था। पुलिस ने हाल ही में बैठक लेकर डीजे संचालकों को परीक्षाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का हवाला देकर ध्वनि विस्तारक यंत्र न बजाने की सख्त चेतावनी दी थी। पुलिस ने वाहन चालक अंकित मारण और मालिक अमन विश्वकर्मा निवासी रातिबड़ भोपाल के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर वाहन को जप्त कर लिया है।
पुलिस की अपील
थाना आष्टा और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से आमजन और मैरेज गार्डन संचालकों से अपील की है कि परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करें। डीजे की तेज आवाज बच्चों की एकाग्रता भंग करने के साथ-साथ बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव डालती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भविष्य में और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।