सीहोर से उठी आईपीएल रद्द करने की मांग, कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह को सौंपा ज्ञापन

14 sehore photo 03

सीहोर। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच गहराते युद्ध और उससे उपजे वैश्विक ऊर्जा संकट की गूंज अब सीहोर में भी सुनाई दे रही है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए आगामी आईपीएल टूर्नामेंट को रद्द करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को एक ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से सख्त कदम उठाने का आग्रह किया है।
ज्ञापन के माध्यम से पंकज शर्मा ने बताया कि ईरान और इजरायल के बीच छिड़े युद्ध के कारण हॉर्मुज रूट प्रभावित हुआ है, जहां से दुनिया का 40 प्रतिशत तेल गुजरता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भारत ने समय रहते ऊर्जा बचत के उपाय नहीं किए तो आने वाले दिनों में देश को गंभीर तेल और बिजली संकट का सामना करना पड़ सकता है।
आईपीएल को बताया खेल-तमाशा
कांग्रेस प्रवक्ता ने आईपीएल पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कोई अनिवार्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता नहीं है। उन्होंने तर्क दिए कि रात में होने वाले मैचों में भारी मात्रा में बिजली खर्च होती है। स्टेडियम के रखरखाव में करोड़ों लीटर पानी बहाया जाता है, जबकि देश में गर्मी के कारण जल संकट मंडरा रहा है। जनहित में इस खेल तमाशे को तत्काल रद्द कर संसाधनों की बचत की जानी चाहिए।
एसी-लिफ्ट बंद करने का सुझाव
पंकज शर्मा ने सुझाव दिया कि संकट से निपटने के लिए सरकारी कार्यालयों में एसी, कूलर और लिफ्ट के उपयोग पर रोक लगनी चाहिए। खिड़कियां और रोशनदान खोलकर प्राकृतिक रोशनी का उपयोग किया जाना चाहिए ताकि बिजली की बचत हो सके।
कैबिनेट में बात उठाने की अपील
कांग्रेस नेता ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से अनुरोध किया कि वे इस विषय को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में रखें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि देशहित में सरकार इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगी ताकि भारत इस वैश्विक संकट से सुरक्षित बाहर निकल सके।