सीहोर। विदिशा संसदीय क्षेत्र के नेतृत्व की वह गौरवशाली परंपरा एक बार फिर सीहोर कलेक्ट्रेट में जीवंत होने जा रही है, जब देश के दिग्गज नेता जिले के विकास की कमान संभालते थे। विदिशा संसदीय सीट से तत्कालीन सांसद और पूर्व विदेश मंत्री स्व. सुषमा स्वराज के बाद अब नवनिर्वाचित सांसद और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान जिले को अपना मार्गदर्शन देने जा रहे हैं।
आज शनिवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने गृह जिले सीहोर के प्रवास पर रहेंगे। वे यहां जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। हालांकि बता दें केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस कार्यकाल में दूसरी-तीसरी बार कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में शामिल होने जा रहे हैं।
सुषमा स्वराज की विरासत को आगे बढ़ाएंगे शिवराज
बता दें एक समय था जब स्व. सुषमा स्वराज केंद्र में कद्दावर मंत्री होने के बावजूद सीहोर कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठकों में शामिल होकर जिले के विकास की रूपरेखा तय करती थीं। अब वही भूमिका शिवराज सिंह चौहान निभाएंगे। विदिशा संसदीय सीट के अंतर्गत सीहोर जिले की बुधनी और इछावर विधानसभा क्षेत्र आते हैं। ऐसे में जिले का नेतृत्व करने के नाते शिवराज सिंह चौहान जिला मुख्यालय पर आयोजित इस बड़ी बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाने पर होगा मंथन
बैठक का मुख्य फोकस केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा। केंद्रीय कृषि मंत्री विशेष रूप से कृषि, ग्रामीण विकास, सडक़, पेयजल और शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।
दोपहर 12 बजे पहुंचेगे कलेक्ट्रेट
तय कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर 12 बजे सीहोर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। दोपहर 12.15 बजे से वे दिशा की बैठक में शामिल होकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों पर मंथन शुरू करेंगे। बैठक में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। शाम 4.30 बजे बैठक और अन्य स्थानीय कार्यक्रमों के समापन के बाद वे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।


