सीहोर। धरमपुरी के सनसनीखेज भाई-बहन हत्याकांड में फरार चल रहे पांचवें आरोपी कमलसिंह को सिद्दीकगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
6 मार्च को जब कुलदीप और उसकी बहन शीतल परीक्षा देने जा रहे थे, तब आरोपियों ने रास्ते में घात लगाकर उन पर हमला किया था। इस दोहरे हत्याकांड के चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके थे, जबकि कमलसिंह पिता उमरांवसिंह निवासी खजूरिया कासम लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस की घेराबंदी में फंसा आरोपी
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल और उनकी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस सफलता में प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र ठाकुर, अमरपाल और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।


