Sehore: गैस सिलेंडर की समस्या है तो डायल करें 9111568661, जिला प्रशासन ने शुरू किया हेल्पलाइन नंबर

08 sehore photo 04

सीहोर। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए 9111568661 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
जिला आपूर्ति अधिकारी रेशमा भामोर ने बताया कि गैस सिलेंडर से जुड़ी किसी भी शिकायत या समस्या के लिए जिला और अनुभाग स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। उपभोक्ता 9111568661 पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यहां तैनात कर्मचारी शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।
25 दिन के अंतराल पर होगी बुकिंग
वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आयात में आ रही रुकावटों को देखते हुए केंद्र सरकार ने नए निर्देश जारी किए हैं। अब घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को सिलेंडर की पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही अगले सिलेंडर की बुकिंग की सुविधा मिलेगी। इसका उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
स्टॉक पर्याप्त, घबराने की जरूरत नहीं
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। तेल कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं की मांग को प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही कालाबाजारी रोकने के लिए भी निगरानी बढ़ा दी गई है।