सीहोर। रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए पिछले कुछ घंटों से गैस सिलेंडर बुक करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। कंपनी द्वारा जारी आधिकारिक बुकिंग नंबर 8888823456 के अचानक काम बंद कर देने से सैकड़ों उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग सुबह से ही कॉल लगा रहे हैं, लेकिन नंबर न लगने के कारण घर की रसोई ठप होने की नौबत आ गई है।
शहर के उपभोक्ता राजेश कुशवाह ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि वह लंबे समय से इसी नंबर के जरिए घर बैठे आसानी से सिलेंडर बुक करते रहे हैं। राजेश ने कहा आज सुबह से मैं लगातार इस नंबर पर फोन लगा रहा हूं, लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा है। घर में गैस खत्म होने वाली है और बिना बुकिंग के सिलेंडर मिलना मुश्किल है। समझ नहीं आ रहा कि अब बुकिंग कैसे होगी। राजेश जैसे कई अन्य उपभोक्ताओं का कहना है कि अचानक सेवा बंद होने और इसकी वैकल्पिक जानकारी न मिलने से वे असमंजस में हैं।
तकनीकी खामी या बदलाव
अक्सर गैस कंपनियां अपने बुकिंग सिस्टम को अपडेट करती हैं या तकनीकी खराबी के कारण सर्वर डाउन हो जाता है। हालांकि इस संबंध में अभी तक स्थानीय गैस एजेंसियों या कंपनी की ओर से कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। नंबर न लगने की वजह से गैस एजेंसियों पर भी भीड़ बढऩे की आशंका है, क्योंकि लोग अब ऑफलाइन बुकिंग के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।


