बेटी अब बोझ नहीं, वरदान है… विधायक राय और नपाध्यक्ष राठौर ने 199 जोड़ों को दिया आशीर्वाद

11 sehore photo 11

सीहोर। भाजपा सरकार में अब किसी भी गरीब परिवार को बेटी के कन्यादान के लिए कर्ज लेने की चिंता करने की जरूरत नहीं है। शासन विवाह का पूरा खर्च उठाकर बेटियों का सम्मान बड़ा रहा है।
यह विचार विधायक सुदेश राय और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने बुधवार को पीजी कॉलेज मैदान पर आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक कन्यादान विवाह एवं निकाह सम्मेलन के दौरान व्यक्त किए। नगर पालिका परिषद और सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में 199 जोड़े एक दूजे के हुए।
123 विवाह और 76 निकाह हुआ
समारोह में सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। पंडित महादेव शर्मा के सानिध्य में जहां 123 बेटियों ने अग्नि के सात फेरे लेकर वैदिक रीति से विवाह कियाए वहीं शहर काजी युसूफ अंसारी ने 76 बेटियों का कुरान पाक की आयतों के साथ निकाह कराया। विधायक सुदेश राय और नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने विवाह मंडप और निकाह स्थल पर व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर सभी नव दंपतियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने हिंदू वर वधुओं को श्रीमद्भागवत गीता भेंट कर उनके सुखद जीवन की कामना की।
जनप्रतिनिधियों ने दी योजनाओं की जानकारी
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई इस योजना से लाखों बेटियों के हाथ पीले हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा अपने पुत्र का विवाह सामूहिक सम्मेलन में करने के उदाहरण को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने कहा कि नगर पालिका परिषद यह सुनिश्चित कर रही है कि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि सरकार न केवल विवाह करा रही है, बल्कि विवाह के बाद भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से इन बेटियों का संबल बनी रहेगी।
चेक वितरण कर दी विदाई
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री राय और नपाध्यक्ष श्री राठौर ने शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े को 49-49 हजार रुपये की राशि के चेक प्रदान किए। आयोजन प्रभारी नरेंद्र राजपूत ने अतिथियों का स्वागत किया। सामूहिक भोज के पश्चात सभी वधुओं को ससम्मान विदाई दी गई।