विधायक के बेटे और पूर्व पार्षद के बीच विवाद…

07 sehore photo 02

सीहोर। जिले के आष्टा में दो राजनीतिक लोगों के बीच विवाद हो गया है। यह विवाद छोटे कार्यकर्ताओं के बीच नहीं, बल्कि विधायक के पुत्र व जिला पंचायत सदस्य और पूर्व पार्षद के बीच हुआ है। बताया जा रहा है कि यह विवाद थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी और एफआईआर दर्ज कर ली है।
बता दें पूर्व पार्षद बाबूलाल मालवीय ने आरोप लगाया है कि विधायक के बेटे व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह इंजीनियर उनके घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट की। बाबूलाल के मुताबिक उनकी बेटी ने जूता स्टैंड के पास किसी के आने की आहट सुनी थी, जैसे ही वह अंदर आई पीछे-पीछे महेंद्र सिंह भी घर में घुस गए और हमला कर दिया। पूर्व पार्षद ने इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जिसमें महेंद्र सिंह इंजीनियर उनके घर के अंदर नजर आ रहे हैं। बाबूलाल का कहना है कि उन्हें जान से मारने की नियत से निशाना बनाया गया।
इंजीनियर की शिकायत पर भी मामला दर्ज
दूसरी ओर विधायक पुत्र और जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व पार्षद बाबूलाल मालवीय समेत कुल चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि विवाद की शुरुआत किसने की और मौके पर असल में क्या हुआ था।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना के बाद से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। वीडियो में दिख रही गहमागहमी को आधार बनाकर पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। विधायक पुत्र से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस प्रशासन भी फूंक फूंक कर कदम रख रहा है।
एफआईआर दर्ज की है
थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने बताया कि सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। महेंद्र इंजीनियर इसे लेकर बाबूलाल मालवीय को समझाने गए थे, जहां विवाद हो गया। एर्फआईआर व प्राथमिकी दर्ज की है।