सीहोर। सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुरी में आज सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात घटित हुई। यहां एक कलयुगी ताऊ ने पुरानी रंजिश के चलते अपने ही भतीजे और भतीजी की लठ से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब दोनों भाई-बहन परीक्षा देने घर से निकले थे। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मृतक बच्चों के पिता जगदीश मालवीय और अन्य परिजनों ने आरोपी हरिसिंह मालवीय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि यह अचानक हुआ हमला नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी। परिजनों के अनुसार आरोपी ताऊ हरिसिंह को पता था कि शीतल 20 वर्ष और कुलदीप 18 वर्ष आज परीक्षा देने जाने वाले हैं। आरोप है कि वह सुबह से ही रास्ते में लठ लेकर घात लगाकर बैठा था। जैसे ही दोनों भाई-बहन घर से कुछ दूर पहुंचे, आरोपी ने उन पर हमला बोल दिया। परिजनों का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने जानबूझकर बच्चों को निशाना बनाया।
परीक्षा का सफर बना मौत का रास्ता
बता दें शीतल और कुलदीप सुबह परीक्षा देने जा रहे थे, तभी रास्ते में ही ताऊ ने उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते आरोपी ने उन पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे दोनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में तनाव का माहौल
सूचना मिलते ही एसडीओपी दामोदर गुप्ता और सिद्दीकगंज थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल ने बताया कि घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वारदात के बाद से ही गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थाना प्रभारी राजू सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं जो उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


