सीहोर। खगोलीय घटना चंद्रग्रहण को लेकर बीते कई दिनों से बनी संशय की स्थिति आखिरकार मंगलवार को समाप्त हो गई। सीहोर शहर के कस्बा, बाजार और मंडी क्षेत्र सहित ग्रामीण इलाकों में पूरे उत्साह के साथ गैर की होली मनाई जा रही है। बीती रात देर रात तक हुए होलिका दहन के बाद आज सुबह से ही पूरा शहर रंगों के सराबोर नजर आया।
शहर की पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए सुबह से ही मोहल्लों में टोलियां निकलीं। ये टोलियां विशेष रूप से उन घरों में पहुंचीं जहां बीते एक साल में किसी परिजन का निधन हुआ था (गमी वाले घर)। वहां समाजजनों ने शोक संतप्त परिवारों को गुलाल लगाकर दुख बांटा।
ग्रहण के कारण बना था भ्रम
इस वर्ष आज 3 मार्च को चंद्रग्रहण होने के कारण तिथियों और सूतक को लेकर लोगों में काफी असमंजस था। कई लोग इस बात को लेकर संशय में थे कि गैर की होली आज मनाई जाएगी या अगले दिन। लेकिन ज्योतिषीय गणनाओं और स्थानीय परंपराओं के अनुसार आज सुबह से ही रंगोत्सव की धूम शुरू हो गई। बीती रात 10 बजे से लेकर सुबह 4 बजे तक शहर के विभिन्न चौराहों पर होलिका दहन संपन्न हुआ, जिसके साथ ही त्योहार का औपचारिक आगाज हो गया।


