सीहोर। होली के उल्लास के बीच आज की शाम आसमान में एक अद्भुत खगोलीय घटना दिखाई देगी। पूर्णिमा के अवसर पर आज पूर्ण चंद्रग्रहण लगने जा रहा है। जिले में चंद्रमा ग्रहण की अवस्था में ही उदित होगा ग्रस्तोदय, जिससे निवासियों को कुछ समय के लिए तांबे जैसे लाल रंग का ब्लड मून देखने का अवसर मिलेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार यह एक पूर्ण चंद्रग्रहण है, लेकिन देशभर सहित जिले में यह अपने अंतिम आंशिक चरण में दिखाई देगा। सीहोर में शाम 6 बजकर 25 मिनट पर चंद्रमा उदय होगा। आंशिक ग्रहण का प्रभाव शाम 6 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। स्थानीय नागरिकों को इस खगोलीय घटना को निहारने के लिए लगभग 22 मिनट का समय मिलेगा।
क्यों दिखेगा ‘ब्लड मून’
विशेषज्ञों के अनुसार जब चंद्रमा पृथ्वी की पूर्ण छाया से होकर गुजरता है तो पृथ्वी का वायुमंडल सूर्य की नीली रोशनी को बिखेर देता है और केवल लाल प्रकाश ही चंद्रमा तक पहुंच पाता है। इसी वैज्ञानिक कारण से ग्रहण के दौरान चंद्रमा गहरे लाल या तांबे के रंग का दिखाई देता है, जिसे विज्ञान की भाषा में ‘ब्लड मून’ कहा जाता है।
दोपहर 3.20 बजे से शुरू होगी हलचल
खगोलीय गणना के मुताबिक ग्रहण की प्रक्रिया दोपहर 3.20 बजे से ही शुरू हो जाएगी। पूर्ण ग्रहण का समय शाम 4.34 बजे से 5.32 बजे तक रहेगा। शाम को जैसे ही चंद्रोदय होगाए लोग ग्रहण के अंतिम चरण के साक्षी बन सकेंगे। खगोलविदों के अनुसार चंद्रग्रहण को नग्न आंखों से देखना पूरी तरह सुरक्षित है, इसके लिए किसी विशेष फिल्टर की आवश्यकता नहीं होती।


