रंग में भंग डालने वालों की खैर नहीं, एसपी ने दिए जीरो टॉलरेंस के निर्देश

25 sehore photo 08

सीहोर। रंगों के महापर्व होली और रंगपंचमी को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने साफ कर दिया है कि त्योहार के उत्साह के बीच शांति व्यवस्था बिगाडऩे वाले या रंग में भंग डालने वाले शरारती तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। बुधवार को एसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित विशेष बैठक में उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों और सूचना संकलन कर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
एसपी श्री शुक्ला ने निर्देश दिए कि होली और रंगपंचमी के दौरान संवेदनशील इलाकों और भीड़ भाड़ वाले मार्गों का बारीकी से परीक्षण किया जाए। सुरक्षा को आधुनिक बनाने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जाएगा। साथ ही ऊंची इमारतों पर पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। भ्रामक खबरें और अफवाहें फैलाने वालों को रोकने के लिए सोशल मीडिया सेल को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।
नशेडिय़ों और हुड़दंगियों पर नजर
त्योहार के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस विशेष अभियान चलाएगी। जिले के सभी होटलों, लॉज और ढाबों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस की टीमें सूचना तंत्र को मजबूत कर रही हैं। एसपी ने निर्देश दिए हैं कि यदि कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में हंगामा करता पाया गया तो उस पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।
घाटों पर एसडीआरएफ की तैनाती
होली और रंगपंचमी पर लोग अक्सर नदियों और तालाबों के किनारे पिकनिक मनाने जाते हैं। इसे देखते हुए एसडीआरफ और होमगार्ड की टीमें तैनात की गई हैं। लाइफ जैकेट, रस्सी और लाउड हेलर जैसे बचाव उपकरणों के साथ पुलिस बल घाटों पर मौजूद रहेगा। वहीं आगामी भगोरिया मेले के दौरान विशेष सतर्कता बरतते हुए महिला वॉलंटियर्स की मदद ली जाएगी ताकि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
सभी का सहयोग भी जरुरी
एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन अकेले नहीं बल्कि जनता और अन्य विभागों के समन्वय से काम करेगा। इसके लिए नगर पालिका, बिजली विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ बैठकें की जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर आयोजकों और युवाओं को वॉलंटियर्स के रूप में जोड़ा जा रहा है ताकि त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाया जा सके। बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, नवागत एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता, निरीक्षक सत्येन्द्र यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ मौजूद रहे।