मायके में रह रही महिला ने खुद को लगाई आग, हालत नाजुक

22 sehore photo 13

सीहोर। भैरुंदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लाडक़ुई कस्बे में रविवार सुबह उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब मायके में रह रही एक 26 वर्षीय महिला ने घर के सामने बीच सडक़ पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। सुबह करीब 9 बजे हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार विनीता पति सुनील उईके (26) निवासी गोंडी गुराडिय़ा पिछले कुछ समय से अपने मायके लाडक़ुई में रह रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह महिला अचानक घर के बाहर आई और कुछ ही देर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत दौड़ पड़े और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाई। हालांकि तब तक महिला काफी हद तक झुलस चुकी थी।
हालत गंभीर, भोपाल रेफर
सूचना मिलते ही भैरुंदा पुलिस मौके पर पहुंची और 112 एंबुलेंस की मदद से महिला को तत्काल सिविल अस्पताल भैरुंदा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन झुलसने की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे तत्काल हमीदिया अस्पताल भोपाल रेफर कर दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि महिला ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। महिला के बयान दर्ज होने और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।