कुबेरेश्वर धाम: हेलीपैड तो बना पर नहीं उतरा एक भी हेलीकॉप्टर!

26 sehore photo 24

सीहोर। विठ्ठलेश्वर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय भव्य रुद्राक्ष महोत्सव का समापन हो गया। इस बार महोत्सव में सुरक्षा और यातायात को लेकर कई बड़े दावे किए गए थे, जिनमें सबसे प्रमुख था कुबेरेश्वर धाम के समीप ही बनाया गया विशेष हेलीपैड। हालांकि विडंबना यह रही कि महोत्सव के समापन तक इस नवनिर्मित हेलीपैड पर एक भी हेलीकॉप्टर नहीं उतरा। हालांकि धाम समिति का दावा है कि 7 दिवसीय भव्य आयोजन में इस बार 25 लाख श्रद्धालु पहुंचे।
विठ्ठलेश्वर सेवा समिति के प्रवक्ता मनोज दीक्षित के अनुसार पिछले वर्षों में इंदौर-भोपाल हाईवे पर लगने वाले भारी जाम को देखते हुए इस बार हेलीपैड को इछावर रोड से हटाकर सीधे धाम के पास बनाया गया था। मकसद था कि वीवीआईपी मेहमान बिना सडक़ मार्ग का उपयोग किए सीधे आयोजन स्थल तक पहुंचें, ताकि आम श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। लेकिन भारी भीड़ और वीवीआईपी प्रोटोकॉल के बीच आसमान से किसी अतिथि का आगमन नहीं हुआ।
महोत्सव का भव्य समापन
इधर 14 फरवरी से शुरु हुए भव्य रुद्राक्ष महोत्सव का 20 फरवरी को समापन हो गया। कथा समापन के बाद यात्रियों के अपने गंतव्य तक निकलने का सिलसिला प्रारंभ हुआ। यात्रियों की भीड़ की वजह से इंदौर-भोपाल हाईवे पर वाहनों की कतारें देखी गई, वहीं रेलवे स्टेशन पर भी बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे।