नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, घर में अकेला रह गया 8 महीने का मासूम

18 sehore photo 04

सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोरदी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक किसान परिवार की नवविवाहित बहू ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जिस वक्त यह घटना हुई, घर में मृतिका और उसका महज 8 महीने का मासूम बेटा ही मौजूद थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विनीता नागर 30 वर्ष पति गोलू नागर ने बुधवार को अपने सूने घर में फांसी लगा ली। मृतिका के पति गोलू नागर विदिशा में ग्राम सेवक के पद पर पदस्थ हैं और वे आज सुबह ही अपनी ड्यूटी पर विदिशा गए थे। वहीं विनीता के सास-ससुर रोजाना की तरह काम के सिलसिले में खेत पर गए हुए थे। घर में विनीता अपने 8 महीने के बेटे के साथ अकेली थी।
पुलिस जांच में जुटी
जब घर के लोग वापस लौटे, तब घटना का पता चला। सूचना मिलते ही इछावर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिला ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
मासूम के सिर से उठा मां का साया
इस घटना के बाद पूरे बोरदी गांव में शोक का माहौल है। 8 महीने का मासूम अब अपनी मां की ममता से वंचित हो गया है। पुलिस अब परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के संभावित कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।