कर संग्रहण में सीहोर नपा ने मारी बाजी, प्रदेश की टॉप.10 सूची में शामिल, सरकार ने जारी की प्रोत्साहन राशि

30

सीहोर। नगरीय निकायों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सीहोर नगर पालिका ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कर संग्रहण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने सीहोर सहित प्रदेश की 10 चुनिंदा नगर पालिकाओं को प्रोत्साहन राशि जारी की है। राज्य शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल 2.20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे के अनुसार राज्य स्तर पर गठित विशेषज्ञ समिति ने राजस्व संग्रहण के कड़े मानदंडों पर निकायों का मूल्यांकन किया था। इस मूल्यांकन में सीहोर नगर पालिका ने अपनी कार्यकुशलता और पारदर्शिता का परिचय देते हुए प्रदेश की शीर्ष 10 नगर पालिकाओं में स्थान बनाया है। सीहोर के साथ इस सूची में विदिशा, खरगोन, मंदसौर और बैतूल जैसे शहर भी शामिल हैं।
जारी हुई दूसरी किस्त
योजना के सफल क्रियान्वयन के तहत चयनित निकायों को प्रोत्साहन राशि की पहली किस्त 55 लाख रुपये पहले ही दी जा चुकी है। अब आयुक्त द्वारा 55 लाख रुपये की दूसरी किस्त भी जारी करने के आदेश दे दिए गए हैं। इस राशि का उपयोग नगर पालिका अपने वित्तीय सुदृढ़ीकरण और विकास कार्यों के लिए कर सकेगी।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय निकायों को टैक्स वसूली के प्रति प्रोत्साहित करना है ताकि वे सरकारी अनुदान के साथ-साथ स्वयं के राजस्व से भी आत्मनिर्भर बन सकें। सीहोर नगर पालिका के इस प्रदर्शन से शहर में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।