कुबेरेश्वर धाम समिति के नए दावे ने चौंकाया…!

00

सीहोर। जिला मुख्यालय के समीपस्थ कुबेरेश्वर धाम में जारी सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धा के सैलाब के बीच विठ्ठलेश सेवा समिति के एक नए दावे ने सबको चौंका दिया है। समिति की ओर से पहली बार यह बात सामने आई है कि धाम के माध्यम से 1000 निर्धन बच्चों की शिक्षा का नि:शुल्क प्रबंधन किया जा रहा है। हैरत की बात यह है कि समिति अपनी हर छोटी-बड़ी सेवा, यहां तक कि भोजन-प्रसाद का हिसाब भी क्विंटल में सार्वजनिक करती है, लेकिन शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर यह जानकारी अब तक प्रेस विज्ञप्ति से गायब थी।
बता दें समिति की ओर से जारी होने वाली प्रेस विज्ञप्ति में बारीक से बारीक जानकारी साझा की जाती है। रविवार को शिवरात्रि के अवसर पर धाम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार श्रद्धालुओं के लिए 80 क्विंटल से अधिक फलाहारी खिचड़ी, 50 क्विंटल छाछ, 30 क्विंटल फलाहारी मिक्चर और 25 क्विंटल साबूदाने की खीर का वितरण किया गया। जब समिति खाने-पीने की चीजों का इतना सटीक हिसाब रखती है तो 1000 बच्चों की मुफ्त शिक्षा जैसा बड़ा सामाजिक कार्य अब तक चर्चा से बाहर क्यों था, यह सवाल अब लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना हुआ है।
पुराने वादे पर भी उठ रहे सवाल
समिति के प्रवक्ता मनोज दीक्षित के अनुसार पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में यह सेवा कार्य चल रहे हैं। लेकिन इस नए दावे के साथ ही साल 2024 में किया गया वह संकल्प भी चर्चा में आ गया है, जिसमें पंडित मिश्रा ने साल के 365 दिन 365 निर्धन कन्याओं का विवाह कराने का वादा किया था। समिति के मौजूदा दावों के बीचए समाज के विभिन्न वर्गों में यह चर्चा है कि वह बड़ा संकल्प अब तक अधूरा क्यों नजर आ रहा है।
ग्रीन शिवरात्रि: एक करोड़ पौधों के रोपण का दावा
महोत्सव के दूसरे दिन करीब पांच लाख श्रद्धालुओं की मौजूदगी में पंडित मिश्रा ने ग्रीन शिवरात्रि का आह्वान किया। उन्होंने मंदिर परिसर में बेलपत्र का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समिति का दावा है कि उनके आह्वान पर मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और हरियाणा समेत कई राज्यों में भक्तों ने लगभग एक करोड़ पौधों का रोपण किया है।