सायलों के पास टूटेंगे 11 मकान, 3 दिन का अल्टीमेटम

14 sehore photo 05

सीहोर। शहर के गंज और मंडी क्षेत्र की प्यास बुझाने वाली मुख्य राइजिंग पाइप लाइन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सायलों क्षेत्र के पास पाइप लाइन के ऊपर बने 11 अवैध मकानों को हटाने के लिए नगर पालिका ने नोटिस जारी कर तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। विभाग ने साफ किया है कि यदि रहवासी स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो नपा बलपूर्वक कार्रवाई करेगी।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार जमोनिया जलाशय से मंडी और गंज क्षेत्र की ओर आने वाली मुख्य राइजिंग मेन लाइन के ऊपर लोगों ने एक-दूसरे की देखा-देखी पक्के निर्माण कर लिए हैं। हालत यह है कि पाइप लाइन पूरी तरह मकानों के नीचे दब गई है। यदि इस लाइन में कोई लीकेज या खराबी आती है तो उसकी मरम्मत करना वर्तमान स्थिति में नामुमकिन है।
गर्मी से पहले नपा अलर्ट मोड पर
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए नगर पालिका जल प्रदाय विभाग अलर्ट मोड पर है। शहर के एक बड़े हिस्से में जल संकट न गहराए, इसके लिए इन पाइप लाइनों का दुरुस्त होना अनिवार्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देश पर 12 फरवरी को यह नोटिस दिए गए हैं।
अधिकारियों का सख्त रुख
नगर पालिका के एई विजय कोली ने बताया कि संबंधित मकान मालिकों को नोटिस थमा दिए गए हैं। नोटिस में स्पष्ट उल्लेख है कि निकाय की जलापूर्ति लाइन पर किया गया अतिक्रमण अवैध है। निर्माण न हटाने की स्थिति में होने वाली तोडफ़ोड़ की समस्त जिम्मेदारी और हर्जाना संबंधित व्यक्ति का होगा।