सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में शुरू हुए पांच दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव को लेकर जहां एक ओर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा का अभेद्य किला तैयार किया है, वहीं दूसरी ओर शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भारी लापरवाही देखने को मिल रही है। प्रशासन की इस अनदेखी के कारण शुक्रवार रात रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर.2 के बाहर श्रद्धालुओं और स्थानीय भोजनालय संचालक के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
बता दें महोत्सव की सुरक्षा को लेकर भोपाल में बैठे आला अधिकारी चार बार दौरा कर चुके हैं। इंदौर-भोपाल हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है और करीब 2000 जवानों का बल तैनात है, लेकिन धाम की व्यवस्थाओं पर ध्यान देने के बीच शहर का रेलवे स्टेशन क्षेत्र असुरक्षित नजर आ रहा है। शुक्रवार रात प्लेटफार्म नंबर.2 के बाहर स्थित एक भोजनालय पर शराब के नशे के कारण विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि नशे में धुत भोजनालय संचालक ने कुछ श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता की, जिससे तनाव बढ़ गया। गनीमत रही कि आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया, अन्यथा यह एक बड़ी घटना का रूप ले सकता था।
रहवासियों में डर का माहौल
प्लेटफार्म नंबर.2 के पास स्थित पोस्ट ऑफिस रोड पर रहने वाले नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि यहां तत्काल सुरक्षा पॉइंट निर्धारित किया जाए। रहवासियों का कहना है कि महोत्सव के कारण स्टेशन पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उतर रहे हैं, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल न होने से यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है।
पुलिस की मेहनत पर फिर सकता है पानी
प्रशासन ने हाईवे से लेकर कथा स्थल तक चप्पे-चप्पे पर पहरा बिठाया है, ऑटो का किराया निर्धारित किया है और हाईटेक कैमरों से नजर रखी जा रही है। लेकिन रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील प्रवेश द्वार पर सुरक्षा की ऐसी ढील पूरे महोत्सव की व्यवस्थाओं पर सवालिया निशान लगा सकती है। सुरक्षा के लिहाज से यहां समय रहते स्टेशन क्षेत्र के बाहर निर्धारित पुलिस पाइंट की व्यवस्था होना चाहिए।


