रुद्राक्ष महोत्सव: 2000 जवानों के बल ने संभाला कुबेरेश्वर धाम पर मोर्चा

09 sehore photo 14

सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में 14 फरवरी से शुरू होने वाले भव्य रुद्राक्ष महोत्सव और शिव महापुराण कथा के लिए सुरक्षा के घेरे को आज से पूरी तरह कस दिया गया है। पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन के लिए चार पड़ोसी जिलों से आया पुलिस बल आज बुधवार से कुबेरेश्वर धाम और आसपास के क्षेत्रों में तैनात हो गया है।
बता दें बीते वर्षों के अनुभवों से सबक लेते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने इस बार सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। मंगलवार शाम को भोपाल, उज्जैन, देवास और शाजापुर से आए 1250 अतिरिक्त जवानों ने पुलिस परेड ग्राउंड पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इन बाहरी जवानों के साथ ही सीहोर जिले के 250 पुलिसकर्मी, ग्राम रक्षा समिति, कोटवार और वन सुरक्षा कर्मी भी अपनी ड्यूटी संभालेंगे। कुल मिलाकर 2000 सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
कल सुबह से बदलेगा ट्रैफिक का रूट
भीड़ के दबाव को देखते हुए 12 फरवरी की सुबह 6 बजे से इंदौर-भोपाल हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा, जो 21 फरवरी तक जारी रहेगा।
भारी वाहन: भोपाल से इंदौर जाने वाले ट्रक और बसें श्यामपुर-कुरावर-ब्यावरा होकर निकलेंगी।
हल्के वाहन: सवारी गाडिय़ां सीहोर के न्यू क्रिसेंट चौराहे से भाऊखेड़ी और अमलाहा होते हुए आष्टा-इंदौर जा सकेंगी।
श्रद्धालुओं के लिए छूट: कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए कोई रास्ता नहीं बदला गया है, वे सीधे धाम तक पहुंच सकेंगे।
हाईटेक निगरानी और इमरजेंसी बैकअप
प्रशासन ने इस बार सुरक्षा को तकनीकी रूप से भी मजबूत किया है। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हाईवे पर ट्रैफिक न रुके, इसके लिए बड़ी क्रेन, गैस कटर और मैकेनिकों की टीमें तैनात रहेंगी। अधिकारियों के बीच रियल-टाइम सूचना साझा करने के लिए एक विशेष वाट्सअप ग्रुप बनाया गया है।
कलेक्टर-एसपी ने खुद संभाली कमान
कलेक्टर बालागुरू के. और एसपी ने कथा स्थल पर पेयजल, रोशनी और अनाउंसमेंट सिस्टम का जायजा लिया। निर्देश दिए गए हैं कि डायवर्जन मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग की जाए ताकि आम यात्रियों और श्रद्धालुओं को कम से कम असुविधा हो।