सीहोर में कहासुनी के बीच जले ‘आशीर्वाद के दीये’

#Sehore, सीहोर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस और सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ के अवसर पर 17 सितंबर को जिला मुख्यालय पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। शाम ढलते ही सीवन नदी घाट, ऐतिहासिक मनकामेश्वर मंदिर और लिसा टॉकीज चौराहे पर हजारों दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। हालांकि इस भक्तिमय और उत्साहपूर्ण आयोजन के दौरान भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई हल्की सी कहासुनी और सियासी छींटाकशी शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई।
सूत्रों के अनुसार सीवन नदी घाट पर दीप प्रज्वलन और फोटो सेशन के दौरान दो वरिष्ठ नेताओं के बीच अचानक स्थिति थोड़ी असहज हो गई। बात किसी नीतिगत मुद्दे पर नहीं, बल्कि दीप प्रज्वलन के दौरान आगे खड़े होने व फोटो सेशन की होड़ को लेकर शुरू हुई। देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच जुबानी तीर चले, जिसमें दलबदल तक का जिक्र आ गया।
लिया विकसित भारत का संकल्प
राजनीतिक खींचतान के बीच सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला मुख्यालय सहित जिले भर के नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया गया। शाम 7 बजे सीवन नदी तट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने विकसित भारत 2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाते हुए कहा कि देश और प्रदेश का विकास हर नागरिक की जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध से ही संभव होगा।
कार्यक्रम में ये प्रमुख जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
जिला मुख्यालय पर आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सीताराम यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरो, गौरव सन्नी महाजन, मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति और सुरेंद्र मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।