सीवन पुत्र टीम ने गंदगी से पटे हाथी घाट को कुछ ही घंटों में किया ्रसाफ

#Sehore, सीहोर। भाई दूज के पावन और पवित्र पर्व पर सीवन पुत्र टीम ने शहर की बहनों को स्वच्छता के रूप में एक बेहद अनमोल उपहार दिया है। सीवन नदी के संरक्षण और जीर्णोद्धार के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए टीम ने मंगलवार को बढिय़ाखेड़ी स्थित हाथी घाट पर एक विशेष स्वच्छता महाअभियान चलाया। यह घाट पिछले काफी समय से भारी मलबे, गंदगी, पूजन सामग्री और जलकुंभी से पूरी तरह अटा पड़ा था, जिससे यहां आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी असुविधा हो रही थी।
मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे सीवन पुत्र टीम के उत्साही सदस्य और सीवन योद्धा हाथी घाट पर पहुंचे और बिना देर किए स्वच्छता अभियान का श्रीगणेश किया। अभियान की शुरुआत सबसे पहले घाट पर जमे भारी मलबे को हटाकर की गई। इसके बाद वहां चारों तरफ बिखरी पड़ी पूजन सामग्री, देवी-देवताओं के चित्र, खंडित मूर्तियां, पॉलिथीन, फूल मालाएं और अन्य अपशिष्ट कचरे को करीने से एकत्रित कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सुबह से ही मुकेश राय, प्रकाश यादव, अशोक नामदेव, प्रदीप चावड़ा और भूपेंद्र केवट सहित टीम के तमाम सदस्य इस सेवा कार्य में पूरी तन्मयता से जुट गए। देखते ही देखते दोपहर तक मलबे और कचरे से दबे इस पूरे घाट का स्वरूप पूरी तरह बदल गया और वह चमक उठा। इस दौरान सीवन योद्धा भूपेंद्र केवट ने खुद नदी में उतरकर जलकुंभी और अंदर फैली गंदगी व पूजन सामग्री को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
छह महीने पहले भी संवारा था घाट
सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा ने बताया कि लगभग छह महीने पहले भी उनकी टीम ने इसी हाथी घाट पर सफाई अभियान चलाकर जलकुंभी हटाई थी, लेकिन दुखद यह है कि कुछ ही समय में लोगों की लापरवाही के चलते घाट फिर से गंदगी से भर गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीवन नदी को बचाने के लिए यह स्वच्छता और जलकुंभी निकालो अभियान लगातार जारी रहेगा। इधर सेवा कार्य के बीच सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए समाजसेवी डॉ. गगन नामदेव का जन्मदिन भी बेहद सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया गया।
इन्होंने किया श्रमदान
भाई दूज के पावन पर्व पर आयोजित इस विशेष स्वच्छता अभियान में गोपाल आर्य, श्याम विश्वकर्मा, वीरेंद्र सिंह बिसौरिया, दिनेश दिनकर, अशोक नामदेव, मुकेश राय, प्रदीप चावड़ा, प्रकाश यादव और भविष्य मालवीय सहित सीवन पुत्र टीम के समर्पित सदस्यों ने अपना श्रमदान दिया।