सीहोर। जिले में ठंड ने अब अपनी दस्तक देनी शुरू कर दी है। रविवार की सुबह शहर में इस सीजन का पहला हल्का कोहरा छाया, जिससे मौसम में ठंडक साफ महसूस की गई। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान लुढक़कर 16 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। मौसम के इस बदलाव से लोगों ने सुबह और देर रात में गुलाबी ठंड का अहसास करना शुरू कर दिया है।
बीते 24 घंटों के दौरान जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिन के समय हल्की धूप खिलने से गर्मी बनी रहती है, लेकिन सुबह और रात के समय पारे में लगातार गिरावट आ रही है। खुले मैदानों और ग्रामीण अंचलों में सुबह के वक्त ओस की बूंदों के साथ हल्का कोहरा भी देखने को मिल रहा है, जो ठंड के आगमन का स्पष्ट संकेत है।
नवंबर के दूसरे सप्ताह से और लुढक़ेगा पारा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुमान के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज होने वाला है। नवंबर के दूसरे सप्ताह से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहींए दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
साफ रहेगा आसमान, बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि आगामी कुछ दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ रहने के कारण दिन में अच्छी धूप खिलेगी, लेकिन सूरज ढलने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आएगी, जिससे शाम और रात के समय ठंड में और इजाफा होगा।


