विधायक राय ने पत्नी-बेटी के साथ बाजार पहुंचकर की खरीदारी, वोकल फॉर लोकल का दिया संदेश

सीहोर। दीपावली महापर्व के पावन अवसर पर शहर के बाजार अनूठा नजारा देखने को मिला। विधायक सुदेश राय, उनकी धर्मपत्नी अरुणा राय और बेटी अनुष्का राय ने आम नागरिकों की तरह शहर के बाजारों में पहुंचकर दीपावली की खरीदारी की। इस दौरान विधायक परिवार ने शहरवासियों और ग्रामीण अंचलों से आए नागरिकों को स्वदेशी सामग्री और स्थानीय स्तर पर बने सामानों की खरीद करने का जोरदार संदेश दिया।
विधायक सुदेश राय अपने परिवार के साथ अटल बिहारी वाजपेयी चौराहा से पैदल ही मुख्य बाजार की ओर निकले। उन्होंने मेन रोड, बड़ा बाजार, चरखा लाइन, सराफा बाजार, गांधी रोड, नमक चौराहा, सब्जी मंडी और फल बाजार सहित शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों का भ्रमण किया। अपने जनप्रतिनिधि को इस तरह आम नागरिकों के बीच पैदल खरीदारी करते देख छोटे-बड़े दुकानदार और आम जन काफी उत्साहित नजर आए।

भाभी जी ने किया भाव-ताव, विधायक जी ने चुकाई कीमत
इस खरीदारी के दौरान परिवार के हर सदस्य ने अलग-अलग चीजें खरीदीं और दुकानदारों को पूरा समर्थन दिया। समाजसेविका अरुणा राय ने एक आम गृहिणी की तरह दुकानदारों से मोल-भाव करते हुए मिट्टी के दीये, मां लक्ष्मी जी की मूर्तियां और मिट्टी के अन्य सजावटी सामान खरीदे। बिटिया अनुष्का राय ने फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले छोटे दुकानदारों से रंगोली के रंग और अन्य उपयोगी सामग्री खरीदी।
विधायक ने खरीदे कपड़े
विधायक सुदेश राय ने एक दुकान से नए कपड़े खरीदे। खरीदारी के दौरान कई दुकानदारों ने स्नेहवश विधायक परिवार से पैसे लेने से मना कर दिया, लेकिन विधायक सुदेश राय ने सभी दुकानदारों को उनकी सामग्री की पूरी कीमत का भुगतान किया।
बच्चों को बांटी मिठाइयां
बाजार भ्रमण के दौरान विधायक परिवार ने वहां मौजूद छोटे बच्चों को उपहार दिए, उन्हें मिठाइयां खिलाईं और दुलार किया। इसके साथ ही उन्होंने दुकानदारों से मिलकर बाजार की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और उनकी समस्याओं को लेकर भी सौहार्दपूर्ण चर्चा की। इस अवसर पर विधायक सुदेश राय और अरुणा राय ने सभी दुकानदारों, शहरवासियों और दूर-दराज से खरीदारी करने आए ग्रामीणजनों को दीपावली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।