#Sehore, सीहोर। सत्यसाईं कॉलेज के पास जंगली हिंसक जानवर का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को मनीष यादव के खेत पर बंधी गाय का शिकार करने के बाद अब शुक्रवार सुबह यह हिंसक जानवर पड़ोसी खेत मालिक लखन कुशवाह के खेत तक पहुंच गया है। कॉलेज के पास स्थित इन खेतों में लगातार हलचल से किसानों और छात्र-छात्राओं में भारी दहशत का माहौल है।
बता दें गुरुवार को मनीष यादव के खेत पर वारदात को अंजाम देने के बाद शुक्रवार सुबह यह अज्ञात हिंसक जानवर ठीक बाजू के ही खेत यानी लखन कुशवाह के खेत तक पहुंच गया। किसानोंके अनुसार यह संभवत: तेंदुआ है।
कुएं पर बंधी गाय का हुआ था शिकार
किसान सन्नी यादव और मनीष यादव के खेत पर बने कुएं के पास गाय बंधी हुई थी। गुरुवार रात करीब 3 बजे तक गाय बिल्कुल सुरक्षित थी, लेकिन सुबह 4 से 5 बजे के बीच उस पर हमला कर दिया गया। जब किसान सुबह दोबारा मौके पर पहुंचे तो उन्होंने गाय का क्षत-विक्षप्त शव देखा और आसपास जंगली जानवर के पगमार्ग भी मिले।
वन विभाग ने लगाए कैमरे, अब फुटेज का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला और पशु चिकित्सकों की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। वन विभाग की टीम ने मौके पर ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं। अब वन अमला इन कैमरों की फुटेज की जांच करेगा, जिसके बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हिंसक जानवर वास्तव में तेंदुआ है या कोई अन्य वन्यजीव।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
सत्यसाईं कॉलेज के आसपास का यह पूरा क्षेत्र बेहद संवेदनशील है, क्योंकि यहां रोजाना हजारों की संख्या में दूर-दूर से छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए आते हैं। कॉलेज कैंपस के बिलकुल पास खुले खेतों में इस तरह हिंसक जानवर के मवेशियों का शिकार करने और एक खेत से दूसरे खेत मनीष यादव से लखन कुशवाह के खेत तक पहुंचने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


