#Sehore, सीहोर। शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल पोस्ट ऑफिस रोड पर साफ सफाई व्यवस्था की पोल खोलती एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस वायरल तस्वीर ने स्थानीय निवासियों में नाराजगी पैदा करने के साथ-साथ नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि जहां यह गंदगी का ढेर लगा है, उसके दोनों किनारों पर धार्मिक स्थल स्थित हैं।
बता दें पोस्ट ऑफिस रोड पर बिजली की डीपी के पास कचरे के ढेर लगे रहते हैं, जिससे यहां दिनभर गंदगी पसरी रहती है। हालात यह हैं कि सडक़ के एक किनारे पर भगवान जगदीश का मंदिर स्थित है तो वहीं ठीक दूसरे किनारे पर लाल मस्जिद है। इन दोनों ही पवित्र धर्मस्थलों के बीच में कचरा फैलने के कारण वहां से गुजरने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां फैली गंदगी और उससे उठने वाली बदबू से लोगों का वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है।
नगर पालिका दफ्तर से महज 400 मीटर की दूरी
इस पूरे मामले की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस जगह पर यह गंदगी फैली हुई है, वहां से नगर पालिका का मुख्य कार्यालय केवल 400 मीटर की दूरी पर है। इतनी नजदीक कार्यालय होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों का ध्यान इस बदहाली की ओर न जाना कई सवाल खड़े करता है।
सिर्फ दी जाती है हिदायत, कार्रवाई शून्य
आसपास के दुकानदारों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा समय-समय पर सडक़ किनारे कचरा फेंकने वालों को केवल मौखिक हिदायत दी जाती है और जुर्माना लगाने की चेतावनी दी जाती है। लेकिन हकीकत यह है कि अब तक किसी भी व्यक्ति पर कोई आर्थिक जुर्माना या सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। प्रशासनिक सख्ती न होने के कारण कचरा फैलाने वाले लोग पूरी तरह बेफिक्र हैं और बेधडक़ होकर सडक़ पर कचरा फेंक रहे हैं।
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल
धार्मिक स्थलों के ठीक बीच इस तरह गंदगी फैलने की यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। इस गंदगी का फोटो सोशल मीडिया के फेसबुक अकाउंट पर डाला गया है।


