पार्षद राजपूत ने रखा शहीदों को याद, दीपावली पर शहीद स्मारक पर जले 356 दीप

सीहोर। रोशनी के महापर्व दीपावली पर जहां हर घर में उत्सव का माहौल रहा, वहीं मुख्यालय के सैकड़ाखेड़ी स्थित शहीद स्मारक पर पार्षद नरेंद्र राजपूत ने देश के अमर शहीदों की स्मृति को जीवंत रखा। उनके नेतृत्व में आयोजित विशेष दीपांजलि कार्यक्रम के तहत अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ क्रांति का बिगुल फूंकने वाले वीर सैनिकों की याद में 356 दीप प्रज्ज्वलित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रथम सेवक एवं पार्षद नरेंद्र राजपूत ने दीपावली के पावन पर्व पर न केवल शहीदों के बलिदान को याद किया, बल्कि शहरवासियों को भी उनके त्याग से जुडऩे का संदेश दिया। बता दें कि यहां प्रतिवर्ष 14 जनवरी को शहीदों की स्मृति में भव्य आयोजन होता है, लेकिन दीपावली के प्रकाश पर्व पर भी राजपूत ने इस परंपरा और स्मृति को संजोए रखते हुए दीपदान का आयोजन किया।
कार्यक्रम में देवेंद्र आर्य, दिनेश कटारे, श्याम मेहता, अनिल दुबे और बलराम यादव ने भी सहभागिता की और दीपों की रोशनी के बीच वीर शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। स्मारक पर जगमगाते 356 दीप उन वीर सपूतों के बलिदान के प्रतीक बने, जिन्होंने देश की आजादी और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
14 जनवरी 1858 की वो ऐतिहासिक शहादत
कार्यक्रम के दौरान उस गौरवशाली और इतिहास को भी याद किया गया, जिसकी गवाही सैकड़ाखेड़ी का यह स्मारक देता है। इतिहासकारों के अनुसार 14 जनवरी 1858 को ब्रिटिश अधिकारी जनरल ह्यू रोज की सेना ने सीहोर में गिरफ्तार किए गए विद्रोही सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया था। इस घटना में कुल 356 क्रांतिकारी सैनिक शहीद हुए थे। इनमें से 149 सैनिकों को सैकड़ाखेड़ी के चांदमारी मैदान में एक ही स्थान पर गोलियों से भून दिया गया था, जबकि शेष सैनिक आसपास के अलग-अलग स्थानों पर शहीद हुए थे। इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र राजपूत ने कहा कि दीपावली केवल खुशियों और रोशनी का त्योहार नहीं है, बल्कि यह उन वीर सपूतों को कृतज्ञता के साथ याद करने का भी दिन है, जिनके संघर्ष ने देश के स्वाभिमान को बचाए रखा।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढिय़ों तक इन अमर शहीदों की वीरगाथा पहुँचाना और उनके प्रति सम्मान की भावना जागृत रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। कार्यक्रम का समापन एक दीप शहीदों के नाम, एक संकल्प राष्ट्र के नाम का संदेश के साथ हुआ। बता दें प्रतिवर्ष 14 जनवरी को यहां भव्य आयोजन होता है।