दिग्विजय की पदयात्रा के समर्थन में आगे आए कांग्रेस नेता राठौर, कैलेंडर का करवाया प्रकाशन

#Sehore, सीहोर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही करीब 1000 किलोमीटर लंबी सनातन पदयात्रा को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन राठौर ने इस ऐतिहासिक पदयात्रा को जन-जन तक पहुंचाने और इसे यादगार बनाने के लिए एक विशेष कैलेंडर तैयार करवाया है। राघोगढ़ में पदयात्रा के दौरान स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस कैलेंडर का पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, पूर्व मंत्री विधायक जयवर्धन सिंह, पूर्व पार्षद नीरू राठौर, निज सचिव ओपी शर्मा की मौजूदगी में विधिवत विमोचन किया और पवन राठौर के इस प्रयास की सराहना की।
कैलेंडर विमोचन के अवसर पर कांग्रेस नेता पवन राठौर अपने बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ राघोगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने न केवल पूर्व मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया, बल्कि उनके साथ कदम से कदम मिलाकर सनातन पदयात्रा में सक्रिय सहभागिता भी निभाई। इस दौरान राठौर और उनके समर्थकों ने यात्रा के उद्देश्य और सनातन संस्कृति के संदेश को लेकर जोरदार नारेबाजी की, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
उज्जैन से अयोध्या तक 1000 किलोमीटर का संकल्प
उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या तक लगभग 1000 किलोमीटर की कठिन और लंबी पदयात्रा पर निकले हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में सद्भाव, आस्था और सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कैलेंडर के माध्यम से घर-घर पहुंचेगा यात्रा का संदेश
इस मौके पर कांग्रेस नेता पवन राठौर ने कहा कि दिग्विजय सिंह की यह पदयात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आस्था का महाअभियान है। उन्होंने बताया कि इस कैलेंडर को तैयार करने का मुख्य उद्देश्य यही है कि इस ऐतिहासिक पदयात्रा की स्मृतियां और इसका संदेश आमजन के घरों तक पहुंचे। कैलेंडर विमोचन के दौरान स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण व समर्थक मौजूद रहे।