सीहोर। क्या सीहोर जिले की तमाम समस्याएं रातों-रात खत्म हो गईं या फिर दीपावली के पावन पर्व ने कलेक्ट्रेट के दरवाजों तक फरियादियों के पहुंचने के रास्ते ही रोक लिए। मंगलवार को सीहोर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई का नजारा कुछ ऐसा ही चौंकाने वाला था, जिसने सबको सोचने पर मजबूर कर दिया।
बता दें कलेक्ट्रेट के इतिहास में शायद यह पहला ऐसा मंगलवार रहा होगा, जब साप्ताहिक जनसुनवाई में दूर-दराज से आने वाली भीड़ गायब रही और कुल मिलाकर महज 4 आवेदन ही पहुंचे।
सन्नाटे में डूबी जनसुनवाई
आम तौर पर सीहोर कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई का हाल यह होता है कि सुबह से ही जिलेभर के कोने-कोने से लोग अपनी पीड़ा, जमीन के विवाद और तमाम गुहार लेकर लंबी कतारों में खड़े नजर आते हैं। कुर्सियां भरी रहती हैं और अधिकारियों की टेबल पर आवेदनों का अंबार लग जाता है। लेकिन इस मंगलवार 10 नवंबर का नजारा बिल्कुल जुदा था।
चूंकि इन दिनों दीपावली का त्यौहारी माहौल है, इसलिए लोगों का पूरा ध्यान पर्व की तैयारियों और खुशियों में व्यस्त रहा। यही वजह मानी जा रही है कि कलेक्ट्रेट सभाकक्ष से लेकर जिले के अन्य जनपद कार्यालयों तक सन्नाटा पसरा रहा और जिला मुख्यालय पर केवल 4 ही आवेदक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
बताई समस्याएं
भले ही आवेदकों की संख्या इस बार दहाई तक न पहुंच पाई हो, लेकिन उन 4 आवेदनों में भी भूमि विवाद, नामांतरण, आपसी बटवारा, खेतों के मेड़ और रास्ते के विवाद आदि शामिल रहे।
अधिकारी थे मुस्तैद, पर फरियादी ही नदारद
गौरतलब है कि कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस अनूठी जनसुनवाई में प्रशासनिक अमला पूरी ताकत के साथ मौजूद था। एसडीएम तन्मय वर्मा, तहसीलदार अमित सिंह और डिप्टी कलेक्टर किरण बरबड़े सहित विभिन्न विभागों के तमाम जिला अधिकारी अपनी-अपनी कुर्सियों पर तैनात होकर फरियादियों का इंतजार करते नजर आए, लेकिन आवेदक ही नहीं पहुंचे।


